लंबगांव (टिहरी)। नगर पंचायत में शामिल किए गए नौघर गांव के ग्रामीणों ने विरोध स्वरूप बाजार में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। उन्होंने नगर पंचायत में शामिल किए गए नौघर गांव को पंचायत से बाहर करने की मांग की है। साथ ही ऐसा नहीं करने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
एक साल पहले गठित लंबगांव नगर पंचायत में ग्राम पंचायत नौघर को भी शामिल किया गया है। ग्रामीण लगातार इसका विरोध करते रहे हैं, लेकिन प्रशासन इस पर ध्यान नहीं देकर पंचायत के अधीन होने वाले कार्यक्रम गांव में भी संचालित कर रहा है। शुक्रवार को नगर पंचायत के बीएलओ जब गांव में मतदाता सूची बनाने के लिए गए, तो ग्रामीणों ने उन्हें बैरंग लौटा दिया। उन्होंने कहा कि वह किसी भी सूरत में पंचायत में शामिल नहीं होंगे। प्रशासन की कार्यप्रणाली से गुस्साए ग्रामीणों ने शनिवार को नौघर से लंबगांव बाजार तक जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। उन्होंने नगर पंचायत में शामिल किए गए नौघर गांव को बाहर करने की मांग पूरी नहीं करने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है। प्रदर्शनकारियों में कुंवर सिंह राणा, विजेंद्र सिंह, रामप्यारी देवी, कविता रावत, सावित्री देवी, प्रमिला देवी, कुंदना देवी, बुगली देवी, रुकमणी देवी, अजुध्या देवी, गुड्डी देवी, अमना देवी, अनीता देवी और धनपाली देवी आदि शामिल थे।