नई टिहरी। प्रताप इंटर कालेज बौराड़ी में प्रशासन एवं पत्रकार एकादश के बीच एक दिवसीय मैत्री क्रिकेट मैच हुआ। प्रशासन एकादश के सामने पत्रकार एकादश की टीम टिक नहीं पाई। प्रशासन एकादश ने पत्रकार एकादश को 126 रन से हराया। सीडीओ आशीष भटगाई और ईई एनएच जितेंद्र त्रिपाठी के बेहतर प्रदर्शन पर उन्हें संयुक्त रूप से मैन आफ द मैच चुना गया।
शनिवार को पीआईसी में हुए मैत्री क्रिकेट मैच में प्रशासन एकादश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। मैच में सीडीओ आशीष भटगाई ने शानदार बल्लेबाजी कर 54 रन बनाए, जबकि एनएच के ईई जितेंद्र त्रिपाठी ने भी बेहतरीन बल्लेबाजी कर 48 रन बनाकर अपनी टीम के लिए 207 रन का स्कोर खड़ा किया। पत्रकार एकादश की तरफ से रोशन थपलियाल ने तीन और अनुराग उनियाल ने एक विकेट लिया, जिसके जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी पत्रकार एकादश की टीम प्रशासन की गेंदबाजी के आगे टिक नहीं सकी और 81 रन पर ही सिमट गई। पत्रकार एकादश की तरफ से सूर्यप्रकाश रमोला ने सर्वाधिक 22 रन, देवेंद्र दुमोगा ने 17 रन का योगदान दिया। प्रशासन की तरफ से जितेंद्र त्रिपाठी ने चार और धनंजय उपाध्याय ने दो विकेट लिए। इस मौके पर एसडीएम सीएस चौहान, जिला खेल अधिकारी कृष्ण कुमार, डीआईओ एसएम बिजल्वाण, युवा कल्याण अधिकारी एचएस खत्री, महीपाल सिंह नेगी, राकेश राणा, सौरभ रतूड़ी, सतीश नौटियाल, भीम निराला, बृजेश भट्ट, राजेंद्र पाल, मनीष उनियाल, जोत सिंह बगियाल, मुकेश रतूड़ी, विजय दास, मुकेश पंवार आदि मौजूद थे।