नैनबाग (टिहरी)। भविष्य को लेकर बच्चों के मन में आने वाले विचारों और सपनों को मूर्त रूप देने के उद्देश्य से सीआरसी म्याणी में सपनों की उड़ान प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें 14 प्राथमिक और चार जूनियर हाईस्कूल के 250 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
छात्र-छात्राओं के मध्य कविता पाठ, प्रेरक गीत, निबंध, चित्रकला, लोकगीत और बोरी दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्राथमिक वर्ग कविता पाठ में प्राथमिक विद्यालय मातली की रूबी और जूनियर वर्ग में जूनियर हाईस्कूल मातली की सोनाक्षी प्रथम रही। प्रेरक गीत प्राथमिक वर्ग में खड़कसारी की प्रियांशी और जूनियर वर्ग में टिकरी की संध्या अव्वल रही। निबंध प्राथमिक वर्ग में देवन के रोहन कंडारी और जूनियर वर्ग में बिरोड़ के मुकुल नौटियाल प्रथम रहे। चित्रकला प्राथमिक वर्ग में म्याणी के कशिश और जूनियर वर्ग में टिकरी के गौरव अव्वल रहे। लोकगीत और लोक नृत्य प्रतियोगिता राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय देवन और जूनियर हाईस्कूल टिकरी प्रथम रहे। बोरी रेस प्राथमिक वर्ग में हड़ियागांव के अंकित और जूनियर वर्ग में विद्या मंदिर जाखधार के आयुष अव्वल रहे।
समापन अवसर पर सीआरसी समन्वयक अतर सिंह नेगी ने विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया। इस मौके पर गोविंद नौटियाल, अरविंद लांबा, राकेश जुयाल, जगत चौहान, दुर्गेश्वरी भट्ट, स्वर्णलता मेहता, लक्ष्मण रावत, आनंद सिंह, सुभाष आदि उपस्थित रहे।