नई टिहरी। पर्यटन पखवाडे़ पर पर्यटन विभाग की ओर से शिवपुरी में आयोजित रिवर राफ्टिंग में टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसमें एक्स हिमालय एडवेंचर ने प्रथम, कैंप सी हॉक बी ने द्वितीय और बिग बॉस इंडिया ने तृतीय स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में राफ्ट एसोसिएशन में पंजीकृत 31 टीमों के 200 से अधिक लोगों ने प्रतिभाग किया।
शिवपुरी में आयोजित रिवर राफ्टिंग प्रतियोगिता के विजेता एवं उपविजेता प्रतिभागियों को विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद्र अग्रवाल ने पुरस्कार वितरण किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि, वीरों की भूमि के रूप में पूरे देश में जानी जाती है, वहीं उत्तराखंड अब पर्यटन के रूप में भी देश-विदेश में पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि रिवर राफ्टिंग के लिए वर्षभर में 10 से 15 लाख पर्यटक पहुंच रहे हैं, जिससे बड़ी संख्या में राज्य के लोगों को रोजगार मिल रहा है। सरकार का प्रयास है कि एनजीटी मानकों के अनुरूप क्षेत्र में नागरिक सुविधाएं, पहुंच मार्ग, शौचालयों की बेहतर व्यवस्था सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। मुख्य विकास अधिकारी आशीष भटगांई ने कहा कि रिवर राफ्टिंग गाइडों को प्रशिक्षित करने के लिए शासनस्तर से कोटीकालोनी स्थित साहसिक खेल एकेडमी से प्रयास चल रहे हैं। कहा कि पर्यटन स्थलों का प्रचार-प्रसार इंटरनेट के माध्यम से भी किया जा रहा है। बताया कि डीएम की अध्यक्षता में गंगा नदी रिवर राफ्टिंग प्रबंधन समिति बनने के बाद 300 से अधिक फर्जी राफ्टिंग कंपनियों पर प्रतिबंध लगा है। प्रतियोगिता में प्रथम टीम को 21 हजार, द्वितीय को 11 हजार और तृतीय को 51 सौ का नकद का पुरस्कार दिया गया। रिवर राफ्टिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष देवेंद्र रावत ने राफ्टिंग के मानकों के शिथिलता बरतने के संबंध में विधानसभा अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर उपजिलाधिकारी नरेंद्रनगर लक्ष्मीराज चौहान, प्रधान शिवपुरी विनोद पांडेय, व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष वीरेंद्र गुसाईं, विश्व क्याकिंग विजेता जॉहन स्पेनी, जिला पर्यटन अधिकारी सोबत सिंह राणा, भीम सिंह चौहान, धर्मेंद्र नौटियाल, वेदप्रकाश मैठाणी आदि मौजूद थे।