नई टिहरी। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सोमवार को टिहरी बांध की झील में जैट स्कीइंग और वाटर स्कीइंग की प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में 30 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। जैट स्कीइंग में दिनेश रावत और वाटर स्कीइंग में अरविंद रतूड़ी पहले स्थान पर रहे। विजेता प्रतिभागियों को डीएम ने सम्मानित किया। मंगलवार (आज) गंगा नदी में शिवपुरी से लेकर मुनीकीरेती तक रीवर राफ्टिंग की प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
पर्यटन पर्व पर पर्यटन विभाग और पर्यटन विकास प्राधिकरण की पहल पर कोटी कालोनी में टिहरी झील में साहसिक खेल प्रतियोगिता आयोजित की गई। डीएम सोनिका ने हरी झंडी दिखाकर जैट स्कीइंग और वाटर स्कीइंग प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। कहा कि झील में साहसिक खेल और नौकायन में देश- विदेश के पर्यटक अधिक से अधिक भागीदारी करें। इसके लिए हर स्तर पर प्रचार-प्रसार करने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए एक एप्प तैयार किया जाएगा। कोटी कालोनी में स्थित व्यवसायिक दुकानों की मरम्मत टीएचडीसी के माध्यम से करवाई जाएगी।
जैट स्कीइंग की प्रतियोगिता में मकान सिंह द्वितीय और रविंद्र सिंह तृतीय रहे। वाटर स्कीइंग में महेश भट्ट द्वितीय और चंदन उनियाल तृतीय रहे। विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉल में उद्यान विभाग का स्टॉल प्रथम, होटल मैनेजमेंट द्वितीय और चिकित्सा परिवार कल्याण को तृतीय पुरस्कार दिया गया। बोट यूनियन की मांग पर डीएम ने नौका संचालन क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करवाने का आश्वासन दिया। सीडीओ आशीष भट्टगाईं ने कहा कि मसूरी और धनोल्टी क्षेत्र में आने वाले पर्यटकों को टिहरी झील तक लाने के लिए रेलवे स्टेशन, बस अड्डों पर साहसिक पर्यटन एवं नौकायन गतिविधियों के होल्डिंग लगाए जाएंगे। पालिकाध्यक्ष उमेश चरण गुसाईं ने कोटी कालोनी में नौकायन और साहसिक गतिविधियों का कार्य पालिका को देने की मांग की है। इस मौके पर थौलधार के ज्येष्ठ प्रमुख कुलदीप पंवार, एसडीएम चतर सिंह चौहान, पर्यटन अधिकारी सोबत सिंह राणा, जिला उद्यान अधिकारी डा. डीके तिवारी, युवा कल्याण अधिकारी एचएस खत्री, प्रधान तिवाड़गांव नरेंद्र पंवार आदि उपस्थित रहे।