नई टिहरी। असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा और राज्य पात्रता परीक्षा की तिथि एक होने से अभ्यर्थी परेशान हैं। एक ही दिन दोनों परीक्षाएं होने से अभ्यर्थी यह सोचकर परेशान हैं कि कौन सी परीक्षा दें और किसे छोड़े। अपने उज्ज्वल भविष्य को लेकर परेशान अभ्यर्थियों ने उच्च शिक्षा राज्यमंत्री डा. धन सिंह रावत को ज्ञापन भेजकर परीक्षा की तिथि बदलने की गुहार लगाई है। ऐसा न करने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।
उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की ओर से प्रदेश के राजकीय महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर की भर्ती करने के लिए 29 अक्तूबर को परीक्षा आयोजित करने की तिथि तय गई है। कुमाऊं विवि की ओर से आयोजित होने वाली राज्य पात्रता परीक्षा (यूसेट) की परीक्षा भी इसी तिथि को आयोजित की जा रही है। एसआरटी परिसर बादशाहीथौल में वर्षों से संविदा पर सेवा दे रहे असिस्टेंट प्रोफेसरों का कहना है कि एक ही दिन दोनों परीक्षाएं होने से उनका भविष्य कहीं भी सुरक्षित नहीं है। दोनों परीक्षाओं की तिथि में एक सप्ताह का अंतर रखने की मांग को लेकर उन्होंने उच्च शिक्षा राज्य मंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया है। बेरोजगारों ने परीक्षा तिथि में जल्द बदलाव करने की मांग की है। ज्ञापन पर डा. राधाबल्लभ कुनियाल, डा. राकेश रतूड़ी, आयुष मियां व अरुण नेगी के हस्ताक्षर हैं।