घनसाली (टिहरी)। लोनिवि की लापरवाही से भिलंगना ब्लाक के स्वीकृति एक दर्जन से अधिक मोटर मार्गों का निर्माण लंबे समय बाद भी नहीं हो पाया है, जिससे ग्रामीण 10 से 15 किमी पैदल चलने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने लोनिवि पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जल्द मार्गों का निर्माण शुरू नहीं होने पर बेमियादी आंदोलन की चेतावनी दी है।
भिलंगना के मैगाधार-आली-कोट, अखोडी-कटकेश्वर, मैगाधार-जमोलना, डखवाणगांव-सिलोस, थार्ती-गंडाराखाल, मुयालगांव-गौरिया, अगुंडा-पिनस्वाड, जखन्याली-सेमल्थ-ढाबसौड, पिलखी-नैल-बौसला समेत एक दर्जन मार्ग कई वर्षों से स्वीकृत है, लेकिन लोनिवि सड़कों के निर्माण में आ रही दिक्कतों को दूर करने में रुचि नहीं दिखा रहा है। सड़कों का निर्माण वनभूमि का हस्तांतरण न होने, बजट न मिलने समेत समय पर निर्माण कार्य पूरा न होने से अधर में लटकें हुए हैं। ग्रामीण जमुना प्रसाद, शंभू प्रसाद, कर्ण सिंह, सरोप सिंह, भरत सिंह, जबर सिंह, भगवान सिंह, मित्रानंद नैथानी, फते सिंह आदि का कहना कि मोटर मार्गों के अभाव में वर्षों से पैदल चलने को मजबूर बने हुए हैं। बावजूद अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि सड़क निर्माण में आ रही समस्याओं का निराकरण नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जल्द स्वीकृत सड़कों का निर्माण शुरू नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
कोट
कुछ मोटर मार्गों का कार्य वनभूमि के हस्तांतरण के कारण अटका पड़ा है। जबकि कुछ का धनाभाव के कारण शुरू नहीं हो पाए हैं। स्वीकृति सड़कों की डीपीआर शासन को भेजी गई है। वनभूमि की एनओसी के प्रयास किए जा रहे हैं।
-डीएल वर्मा, अधिशासी अभियंता, लोनिवि घनसाली।