नई टिहरी। टिहरी जिले की नगर पंचायतों और पालिकाओं के सीमा विस्तार को लेकर जिला प्रशासन की ओर से आपत्तियां मांगी गई। नवगठित नगर निकायों में ग्राम पंचायतों को शामिल करने पर पंचायत प्रतिनिधियों ने कड़ा आक्रोश व्यक्त किया।
जिला सभागार में एडीएम डा. शिव कुमार बरनवाल ने नगर निकायों की सीमा विस्तार करने पर आपत्तियों को सुना। उन्होंने कहा कि नगर निकायों के सीमा विस्तार के संबंध में विभिन्न ग्राम पंचायतों को शामिल नहीं किए जाने के संबंध में जो भी प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं उन्हें मूलरूप से शासन को संलग्न कर भेजा जाएगा। नगर पंचायत कीर्तिनगर में ग्राम पंचायत घिल्डियाल गांव और जाखणी को शामिल करने पर प्रधान आशुतोष रावत ने आपत्ति दर्ज की। चमियाला के थाला, श्रीकोट, भंडारी गांव के विशाल सिंह चौहान, प्रधान सुमित्रा देवी, बलबीर सिंह, चरण दास, सोहन लाल ने ग्राम सभा की ओर से आपत्तियों का प्रस्ताव एडीएम को सौंपा। लंबगांव के जिवाला के प्रधान ओम प्रकाश रतूड़ी, नौघर की प्रधान रोशनी देवी ने भी आपत्ति व्यक्त करते हुए कहा कि हमारी ग्रामसभाओं को किसी भी दशा में नगर पंचायत में शामिल नहीं किया जाए। इस संबंध में पूर्व से ही उच्च न्यायालय में भी प्रकरण विचाराधीन है। देवप्रयाग के ग्राम पंचायत भरपूर के प्रधान नरेंद्र सिंह और अन्य ग्राम सभाओं के प्रतिनिधियों ने नगर पंचायत में शामिल करने पर रोष जताया। पालिका चंबा की ग्राम पंचायत सौंदकोटी के प्रधान यशपाल नेगी, हड़म मल्ला की अनीता कोठारी ने भी पालिका क्षेत्र में शामिल नहीं किए जाने का प्रस्ताव एडीएम को सौंपा। इस मौके पर सडीएम सदर चतर सिंह चौहान, नगर निकायों के ईओ उपस्थित रहे।