नई टिहरी। कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यशाला में वाणिज्यकर विभाग के अधिकारियों ने ठेकेदारों को जीएसटी का पाठ पढ़ाया। ठेकेदारों ने जीएसटी के कारण व्यवसाय करने में आ रही परेशानियों को गिनाते हुए निराकरण की मांग की।
वाणिज्यकर विभाग की असिस्टेंट कमिश्नर पल्लवी चुफाल और वीके चंदोला ने ठेकेदारों को जीएसटी की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सभी ठेकेदार प्रत्येक माह कर जमा करें। यदि कर भरने में कोई परेशानी हो, तो इस संबंध में विभाग से जानकारी ले सकते हैं। ठेकेदार संघ के जिलाध्यक्ष अतर सिंह तोमर ने जीएसटी के कारण भुगतान में आ रही परेशानियों से अवगत कराया। उन्होंने पूर्व की भांति समाधान योजना में दस करोड़ तक का लाभ देने, 30 जून से पहले के अनुबंध पर जीएसटी न लगाने, जून से पूर्व के लंबित बिलों का तत्काल भुगतान करने समेत कई समस्याएं बताई। अधिकारियों ने ठेकेदारों को आश्वासन दिया कि समस्याएं जीएसटी काउंसिल के सामने रखी जाएंगी। इस मौके पर ठेकेदार संघ के महासचिव वीरचंद रमोला, मान सिंह रौतेला, रोशन चौहान, हर्षपति सेमवाल, शंभू भंडारी, रमेश ममगाईं, प्यारचंद रमोला, कुंवर सिंह तोपवाल आदि मौजूद थे। ब्यूरो