नई टिहरी। उत्तराखंड जल संस्थान पीटीसी मजदूर यूनियन ने न्यूनतम वेतन देने समेत छह सूत्री मांग को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में धरना देकर सीएम को ज्ञापन भेजा।
मंगलवार को पीटीसी मजबूरों ने कलेक्ट्रेट में धरना देकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि मजदूर अल्प मानदेय पर ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति सुचारु बनाने का काम कर रहे हैं, लेकिन सरकार के उपेक्षापूर्ण रवैए से उनके हितों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने सीएम को भेजा ज्ञापन में पीटीसी श्रमिकों को न्यूनतम मानदेय देने, सेवा, उम्र व योग्यता के आधार पर नियमितीकरण, सेवानिवृत्त के बाद तीन हजार पेंशन, सेवाकाल के दौरान मृत्यु होने पर आश्रितों को पेंशन, एक सदस्य को सेवा में लेने, त्योहारों पर बोनस, पेयजल योजनाओं को ग्राम सभा के हेंडओवर न करने की मांग की। इस मौके पर सीटू के जिलाध्यक्ष विशाल राणा, सचिव चिंतामणी थपलियाल, किसान सभा के जिला सचिव भगवान सिंह राणा, शिवानंद, प्यारचंद, कलम सिंह, पूरण सिंह रावत, रामलाल, प्रेम सिंह, सुंदर सिंह, कलीराम, पंचम सिंह, गंभीर सिंह, दर्मियान सिंह, श्रीपाल चौहान, सुशील प्रसाद, हरदेव सिंह, जय सिंह आदि मौजूद थे।