नई टिहरी। खोई हुई डायमंड की अंगूठी, मोबाइल और 3500 रुपये की नकदी वापस मिलने पर यमुना कालोनी देहरादून की सुनीता भट्ट ने पुलिस और यात्रियों का आभार जताया।
देहरादून निवासी सुनीता भट्ट चंबा में अपने रिश्तेदारों के यहां शादी में आई हुई थीं। शनिवार को वह चंबा से अपनी कार में जा रही थीं। वाहन के पीछे रखा उसका बैग नागणी के आसपास गिर गया, लेकिन उन्हें पता नहीं चला। इसी दौरान कोलकत्ता के यात्री शंकाराय गंगोत्री से ऋषिकेश जा रहे थे कि उन्हें सड़क पर बैग गिरा पड़ा मिला। उन्होंने बैग को नागणी पुलिस चौकी को सौंप दिया। चौकी प्रभारी बलवंत सिंह ने आगराखाल चौकी को सूचना देकर वाहन चालक से बैग के संबंध में पूछताछ करने को कहा। पुलिस ने वाहनों को रोककर यात्रियों को बैग के संबंध में जानकारी दी। इसी दौरान सुनीता भी अपने वाहन में आगराखाल पहुंच गई। तब वह बैग लेने वापस 20 किमी नागणी चौकी पहुंची। बैग में अपना जरूरी सामान मिलने पर उसने सबका आभार जताया।