नई टिहरी। हृदय संबंधी बीमारी की जांच के लिए जिला चिकित्सालय बौराड़ी में लगाई गई ईसीजी मशीन कई दिनों से खराब चल रही है। यही नहीं टेक्नीशियन नहीं होने से काम चलाऊ व्यवस्था से ही मरीजों की जांच की जा रही है।
जिला चिकित्सालय में हर दिन कई लोग अपनी हार्ट संबंधी समस्या को लेकर ईसीजी जांच के लिए पहुंच रहे हैं, लेकिन अस्पताल प्रबंधन इस कदर लापरवाह बना हुआ है कि एक पखवाड़े से भी अधिक समय से खराब चल रही ईसीजी मशीन से ही काम चला रहे हैं। जांच भी बगैर ईसीजी टेक्नीशियन के ही अन्य स्टाफ से करवा कर मरीजों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किया जा रहा है। इस लापरवाही से नाराज लोगों ने व्यवस्था में सुधार करने की मांग की है। फिजीशियन डा. विनीता का कहना है कि ईसीजी रिपोर्ट कंपलीट नहीं आ रही है। लीड्स कम दिख रहे हैं, पेपर रोल की समस्या भी लग रही है। बावजूद जांच कर रिपोर्ट के आधार पर मरीज को सही उपचार देने का प्रयास किया जा रहा है। सीएमएस डा. सीपी त्रिपाठी का कहना है कि ईसीजी में ज्यादा दिक्कत नहीं है। अगर ऐसा है, तो समस्या का समाधान किया जाएगा। टेक्नीशियन की डिमांड भी निदेशालय को भेजी गई है।