चंबा (टिहरी)। खस्ताहाल बने चंबा-पुरानी टिहरी मोटर मार्ग की मरम्मत की मांग को लेकर लोगों ने बृहस्पतिवार को चंबा में प्रदर्शन किया। सड़क डामरीकरण और नाली निर्माण की मांग को लेकर चंबा में निर्माणाधीन पार्किंग स्थल पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। कहा मांग पर सकारात्मक कार्रवाई न होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
चंबा-पुरानी टिहरी मार्ग की जर्जर हालत की दशा किसी से छुपी नहीं है। मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे आए दिन दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे हैं। मार्ग पर मिट्टी बिखरी होने के कारण वाहनों के चलने पर उड़ रही धूल से आसपास के लोग परेशान है। सड़क मरम्मत की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को लोगों ने प्रदर्शन कर प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कहा कि जब तक डामरीकरण कार्य शुरू नहीं हो जाता, तब तक आंदोलन जारी रखा जाएगा। प्रदर्शनकारियों में एनएसयूआई जिलाध्यक्ष सौरभ तड़ियाल, शक्ति जोशी, अनिल रमोला, आदर्श भट्ट, प्रदीप सकलानी आदि शामिल थे। ब्यूरो