चंबा। डीएम सोनिका ने मंगलवार को पुजाल्डी ग्राम सभा का भ्रमण कर लोगों की जन समस्याएं सुनी। आपदा से क्षतिग्रस्त संपर्क मार्गों की मरम्मत न होने पर लोगों ने आक्रोश जताया। गांव के लोगों ने कहा कि संपर्क मार्ग जर्जर होने के कारण उन्हें आवागमन करने में दिक्कत हो रही है।
सौड़ गांव की सस्ते गल्ले की दुकान के निरीक्षण में डीएम को मिड डे मील का 23 किलो चावल कम मिलने पर उन्होंने तहसीलदार को जांच करने के निर्देश दिए हैं। प्राथमिक विद्यालय, जूनियर हाईस्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण के दौरान शौचालयों में पानी की व्यवस्था उपलब्ध न होने पर डीएम ने नाराजगी व्यक्त की। प्रधान मंजु देवी ने बताया कि सुविधाओं के अभाव में गांव के 62 में से 30 परिवारों ने पलायन कर लिया है। इस मौके पर पूर्व प्रधान रमेश प्रसाद लेखवार आदि उपस्थित रहे।