नई टिहरी। जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग 58 पर सौड़ से कीर्तिनगर तक 29 गांवों से होकर गुजरने वाली आल वेदर रोड के भूमि अधिग्रहण में तेजी लाने को लेकर बैठक हुई। बैठक में एडीएम ने कहा कि जिस भी ग्रामीण को भूमि एवं भवन संबंधी कोई आपत्ति हो तो वह लिखित में लोनिवि श्रीनगर को दे सकते हैं।
जिला सभागार में आयोजित बैठक में अपर जिलाधिकारी डा. शिव कुमार बरनवाल ने एनएच के अधिकारियों को आल वेदर रोड से प्रभावित होने वाले ग्रामीणों की आपत्तियों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने एनएच के लिए भूमि अधिग्रहण कार्य में तेजी लाने को कहा। इस मौके पर तहसीलदार देवप्रयाग शंकर चौरसिया, कीर्तिनगर दर्शनलाल मैठाणी, एई लोनिवि श्रीनगर राजीव शर्मा, बीना सेमवाल, प्रधान नेत्र सिंह आदि मौजूद थे।