नई टिहरी। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अधिकारियों को जनहित की समस्याओं का तत्काल निराकरण के निर्देश दिए। कहा कि जिलास्तर पर आने वाली समस्याओं के मॉनीटिरिंग के लिए सीएम डेस्क स्थापित किया जाएगा। उन्होंने करीब 24 करोड़ 53 लाख 85 हजार की छह सड़कों का लोकार्पण एवं 16 का शिलान्यास भी किया।
सीएम त्रिवेंद्र रावत ने कहा कि सरकार पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने का प्रयास कर रही है। किसानों की आय 2022 तक दोगुनी करने को कलस्टर आधारित खेती पर जोर देकर न्याय पंचायत स्तर पर उत्पाद संग्रहण केंद्र बना रही हैं। सीएम के जनता दरबार में करीब 350 शिकायतें दर्ज हुई।
रामेश्वरी कठैत ने अपने आंदोलनकारी रहे बेटे गंभीर सिंह कठैत को शहीद का दर्जा देने, नागरिक मंच के अध्यक्ष सुंदर लाल उनियाल ने बांध प्रभावितों को बिजली, पानी निशुल्क देने, बांध प्रभावित संघर्ष समिति के अध्यक्ष सोहन राणा ने 415 परिवारों का पुनर्वास, मंज्यूड के प्रधान महावीर नेगी ने ऑल वेदर रोड की जद में आ रहे भवनों का प्रतिकर, राज्य आंदोलनकारी समिति के अध्यक्ष बचन सिंह नेगी ने आंदोलनकारियों की समस्याएं, कुठ्ठा के पूर्व प्रधान सुंदर रावत ने खांडखाला में डंपिंग जोन न बनने, स्यांसू की ममता देवी ने पुनर्वास स्थल पर लंबे समय से भूखंड का कब्जा न मिलने, किशोर सिंह नेगी पालीटेक्निक, आईटीआई में शिक्षकों की नियुक्ति, आईटीआई से सेवानिवृत्त भगवती सेमवाल ने देयकों का भुगतान, कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ के अध्यक्ष रामलाल खत्री ने कलेक्ट्रेट का पुनर्गठन करने, जल संस्थान के संविदा कर्मियों ने नियमितीकरण, बीएससी नर्सिंग कालेज सुरसिंगधार के आउट सोर्सिंग कर्मियों ने नौ माह से मानदेय न मिलने की शिकायत की। इस मौके पर टिहरी विधायक धन सिंह नेगी, प्रतापनगर विजय सिंह पंवार, घनसाली शक्ति लाल शाह, देवप्रयाग विनोद कंडारी, धनोल्टी प्रीतम पंवार, जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय नेगी, प्रमुख बेबी असवाल, विनीता बिष्ट, डीएम सोनिका, एसएसपी विमला गुंज्याल, सीडीओ आशीष भटगांई आदि मौजूद थे।
वाहन उपलब्ध कराए
सीएम ने आजीविका के सहयोग से सकलाना सहकारी संघ मरोड़ा को 6.74 लाख की लागत से एक यूटीलिटी उपलब्ध कराई। उन्होंने आजीविका एवं स्वयं सहायता समूह के स्टॉलों का निरीक्षण कर विधायक धन सिंह नेगी की विधायक निधि से स्वास्थ्य सेवा 555 के लिए दो दोपहिया वाहन समर्पित किए।