घनसाली (टिहरी)। भिलंगना ब्लॉक में पीएमजीएसवाई का सरांश गांव-खोला मोटर मार्ग सालभर से बंद पड़ा हुआ है। प्रभावित गांव के लोग आपदा से क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन साल बीतने पर भी समस्या जस की तस बनी है। ग्रामीणों ने डीएम को भेजे ज्ञापन में कहा कि सड़क पर शीघ्र ही यातायात सुचारु नहीं हुई, तो विभाग के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।
पीएमजीएसवाई ने वर्ष 2013 में सात करोड़ रुपये की लागत से 10 किमी सड़क का निर्माण शुरू कर तीन साल में कार्य पूरा कर दिया था, लेकिन काम पूरा होते ही पिछले वर्ष 23 जून को आई आपदा से सड़क जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गई। एक-दो जगह पर दीवार टूटने से भी मार्ग पर यातायात पूरी तरह से बाधित है। पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख अब्बल सिंह रावत, प्रधान रामलाल, कृपाल सिंह ,जयपाल सिंह, केशर सिंह, सरोप सिंह आदि का कहना है कि सात करोड़ रुपये खर्च करने के बावजूद खराब गुणवत्ता के चलते सड़क पर सात माह भी वाहन नहीं चल पाए हैं। डीएम से लेकर सीएम तक सड़क पर यातायात सुचारु करने की मांग की गई है, लेकिन कोई ध्यान नहीं दे रहा है। पीएमजीएसवाई के ईई राजेश कुमार का कहना है कि सड़क पिछले वर्ष आपदा से क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिससे भारी वाहन नहीं चल पा रहे हैं। दीवार लगाने के लिए शासन को इस्टीमेट भेजा गया है, लेकिन अभी तक बजट नहीं मिल पाया है।