नरेंद्रनगर (टिहरी)। ऋषिकेश-धरासू हाईवे पर गंगोत्री विधायक गोपाल रावत के वाहन से एक बाइक की टक्कर होने से बाइक सवार तीन भाई-बहन घायल हो गए। उन्हें यहां श्रीदेव सुमन संयुक्त अस्पताल में भर्ती किया गया है। डाक्टरों ने तीनों की स्थिति को खतरे से बाहर बताया है। बाइक बड़ा भाई प्रीतम चला रहा था और उसने हेलमेट नहीं पहना था।
सोमवार को गंगोत्री विधायक रावत अपने परिवार के साथ उत्तरकाशी से देहरादून जा रहे थे। सुबह 11.30 बजे के लगभग पीटीसी गेट के समीप उनके वाहन के पीछे से आ रही बाइक मोड़ पर एकाएक विधायक के वाहन से जा टकराई। दुर्घटना में भैसर्क गांव निवासी प्रीतम सिंह (21), उसका भाई राजेश नेगी (20) और बहन अंकिता (17) नीचे गिरने से घायल हो गए। कार रोककर विधायक घायल तीनों भाई और बहन को लेकर अस्पताल पहुंचे। तीनों भाई-बहन कॉलेज जा रहे थे। प्रीतम बाइक चला रहा था, लेकिन हेलमेंट नहीं पहना हुआ था।