कंडीसौड़ (ब्यूरो)। थौलधार ब्लॉक के आठ गांवों में पीलिया रोग ने पांव पसार लिए हैं। तीन-चार दिन के भीतर 25 से अधिक लोग पीलिया की चपेट में आ गए हैं। उप स्वास्थ्य केंद्र मैंडखाल में डॉक्टर की तैनाती न होने से लोगों को उपचार के लिए 75 किमी दूर चंबा या ऋषिकेश जाना पड़ रहा है। सीएमओ डा. वाईएस थपलियाल ने बताया कि बुधवार को ही धनोल्टी विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने क्षेत्र में पीलिया फैलने की सूचना दी है। बृहस्पतिवार को डॉक्टरों की टीम क्षेत्र में भेजी जाएगी।
धनोल्टी विधानसभा क्षेत्र के मैंडखाल, इडियान, मजरूवाल गांव, गैर, बंसील, सेनडा, नेरी, बरनू और पदोगी में दर्जनों लोग तीन-चार दिनों से पीलिया से पीड़ित चल रहे हैं। गांव के नरेंद्र बिष्ट, विशना देवी ने बताया कि उप स्वास्थ्य केंद्र मैंडखाल में एक मात्र आयुर्वेदिक डाक्टर है। पीलिया से पीड़ित चल रहे कुछ बच्चे दो दिन से स्कूल भी नहीं जा पाए हैं।