चंबा (टिहरी)। श्रीदेव सुमन विवि प्रशासन ने सत्र 2017 की बीएड प्रवेश परीक्षा में सफल रहे अभ्यर्थियों को स्टेट कोटे की सीटों पर प्रवेश के लिए काउंसिलिंग की तिथि घोषित कर दी है। ऑन लाइन काउंसिलिंग की प्रक्रिया एक अगस्त से शुरू होगी। विवि प्रशासन बीएड मेें सिर्फ स्टेट कोटे की सीटों पर ही प्रवेश कराएगा। मैनेजमेंट कोटे की सीटों पर संबद्ध कॉलेज स्वयं अभ्यर्थियों को दाखिला देंगे।
सत्र 2017-19 में बीएड में प्रवेश के लिए श्रीदेव सुमन विवि ने 27 जून को बीएड की प्रवेश परीक्षा आयोजित की थी। छह जुलाई को विवि प्रशासन ने बीएड प्रवेश परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया था। इस वर्ष श्रीदेव सुमन विवि की बीएड की प्रवेश परीक्षा में 1147 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिसमें से 567 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं। विवि से संबद्ध 27 बीएड कॉलेजों में स्टेट कोटे की सीटों पर प्रवेश के लिए विवि प्रशासन ने काउंसिलिंग की तिथि घोषित कर दी है। कुलसचिव दिनेश चंद्रा ने बताया कि एक अगस्त से ऑन लाइन काउंसिलिंग होगी। काउंसिलिंग के लिए शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि आठ अगस्त निर्धारित की गई है। 10 अगस्त तक अभ्यर्थी ऑन लाइन काउंसिलिंग के लिए विकल्प अंकित कर सकते हैं। मैनेजमेंट कोटे की सीटों पर निजी बीएड कॉलेज स्वयं छात्रों को प्रवेश देंगे। काउंसिलिंग शुल्क और संबद्ध कॉलेजों की सूची छात्र-छात्राएं विवि की वेबसाइट पर देख सकते हैं।