चंबा (टिहरी)। ऊर्जा निगम की लचर कार्यप्रणाली सोलर उपभोक्ताओं पर भारी पड़ रही है। पिछले छह माह से सोलर उपभोक्ताओं को बिजली बिल नहीं मिलने के कारण उन्हें अनावश्यक रूप से ऊर्जा निगम कार्यालय के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। कार्यालय से भी उपभोक्ताओं को कभी इंटरनेट ठप होने और कभी लाइन न होने पर मायूस लौटना पड़ रहा है।
बिजली पर निर्भरता कम करने और बिजली बचाने के लिए सरकार सोलर उपकरण लगाने पर जोर दे रही हैं, लेकिन ऊर्जा निगम खुद ही सरकार की योजना पर पलीता लगा रहा है। नगर क्षेत्र के कई उपभोक्ताओं ने सोलर उपकरण लगाए हुए हैं, लेकिन ऐसे उपभोक्ताओं को पिछले पांच-छह माह से बिल नहीं मिल पाए हैं। ऐसे में जब उपभोक्ता निगम कार्यालय में बिल की जानकारी लेने पहुंच रहें हैं, तो उन्हें कभी लाइट या इंटरनेट ठप होने की बात कहकर मायूस लौटना पड़ रहा है। उपभोक्ता सत्यवीर सिंह राणा, राम प्रकाश का कहना है कि देश हित में बिजली बचाने के लिए सोलर का प्रयोग कर रहे हैं, लेकिन ऊर्जा निगम उन्हें समय पर बिल उपलब्ध नहीं करा रहा है। एसडीओ अमित तोमर का कहना है कि सोलर प्रयोग करने वाले उपभोक्ताओं को बराबर बिल भेजे जा रहे हैं। ऐसे किसी भी उपभोक्ता की शिकायत उन्हें नहीं मिली है। किसी उपभोक्ता की इस तरह की समस्या है, तो वे कभी भी कार्यालय में आकर जानकारी ले सकते हैं।