चंबा (टिहरी)। एसआरटी परिसर बादशाहीथौल के छात्र-छात्राओं ने गढ़वाल केंद्रीय विवि की व्यवस्थागत खामियों पर कड़ा आक्रोश व्यक्त किया। एसआरटी परिसर में प्रवेश शुल्क ऑन लाइन जमा करने की कोई व्यवस्था न होने, प्रवेश और सेमेस्टर परीक्षा शुल्क एक साथ लेने से आक्रोशित छात्रों ने सोमवार को विवि कुलपति का पुतला फूंका।
सोमवार को एबीवीपी से जुड़े नेताओं ने एसआरटी परिसर बादशाहीथौल के गेट में कुलपति प्रो. जेएल कौल का पुतला फूंका। कहा कि इस सत्र से विवि प्रशासन ने दो सेमेस्टर का प्रवेश और परीक्षा शुल्क एक साथ लेने का फैसला लिया है। यह निर्णय आर्थिक रूप से कमजोर तबके के छात्रों की जेब पर भारी पड़ रहा है। कहा प्रवेश और सेमेस्टर शुल्क अधिक होने से आर्थिक रूप से कमजोर अभिभावक अपने बच्चों को प्रवेश नहीं दिला पा रहे हैं। कहा विवि प्रशासन ने प्रवेश के लिए ऑन लाइन शुल्क जमा करने का फरमान सुनाया है। लेकिन ऑन लाइन शुल्क जमा करने के लिए एसआरटी परिसर में कोई व्यवस्था नहीं की गई है। पुतला फूंकने वालों में छात्र नेता सुशील रावत, प्रदीप सजवाण, राहुल बिजल्वाण, हिमांशु रावत, मयंक नौटियाल, सचिन रावत, अर्जुन रावत, राकेश आदि शामिल रहे।