नई टिहरी/लंबगांव। पुनर्वास की बाट जोह रहे उप्पू गांव पहुंची डीएम सोनिका ने एसडीएम को बची हुई भूमि का चिह्नित करने के निर्देश दिए, ताकि मनरेगा के तहत विकसित कर वहां सिंचाई की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुनर्वास निदेशालय के अधिकारी पुनर्वास से जुड़े बिंदुओं पर रिपोर्ट तैयार करें। डीएम ने स्यांसू-भैंगा मोटर मार्ग और पुल का भी निरीक्षण किया। सड़क निर्माण की गुणवत्ता ठीक नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी जताई है। डीएम ने लंबगांव का भ्रमण कर आवश्यक सेवाएं दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए हैं।
पुनर्वास की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे ग्रामीणों को दिए गए आश्वासन पर डीएम बुधवार को तल्ला उप्पू पहुंची। प्रधान नरेंद्र राणा, भरत सिंह ने बताया कि उनकी सिंचित भूमि डूब गई है। जो भूमि बची है, वहां जंगल उगने से खेती करना संभव नहीं है। डीएम ने कहा कि ग्रामीणों के पास जो भूमि बची है, उसे मनरेगा व अन्य माध्यमों से विकसित कर सिंचाई की व्यवस्था कराई जाएगी। डीएम ने स्यांसू पुल से 550 टन क्षमता से अधिक भार के वाहनों का आवागमन रोकने के लिए होमगार्ड तैनात करने के निर्देश दिए। डीएम ने पीएचसी का निरीक्षण कर मरीजों को 555 सेवा का लाभ लेने को कहा। जीजीआई की छात्राओं ने बताया कि कालेज में जीव विज्ञान, रसायन विज्ञान, भौतिक विज्ञान के शिक्षक नहीं हैं। इस पर उन्होंने बीईओ को विज्ञान वर्ग की छात्राओं को जीआईसी में प्रवेश दिलाने को कहा। इस मौके पर प्रमुख रेशमा बगियाल, एसडीएम चतर सिंह चौहान, उदय रावत,देवी सिंह पंवार, बीडीओ कीर्ति सिंह पंवार आदि मौजूद थे।