कंडीसौड़ (टिहरी)। ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे पर उनियालगांव के समीप कांवड़ यात्रियों की बाइक व ट्रक की टक्कर हो गई, जिसमें तीन कांवड़िए घायल हो गए। इनमें दो की स्थिति गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है। इससे गुस्साए कांवड़ियों ने ट्रक चालक व क्लीनर लाठी-डंडों से हमला कर दिया और ऋषिकेश की ओर निकल गए। मामले से गुस्साए स्थानीय लोगों ने कांवड़ियों की बस कंडीसौड़ में रोककर जाम लगा दिया।
एक ट्रक और एक बाइक से कांवड़ यात्री उत्तरकाशी से ऋषिकेश जा रहे थे। तभी उनियालगांव के समीप एक ट्रक की बाइक से टक्कर हो गई, जिससे कांवड़ यात्री राहुल (25), उसका भाई कपिल (27) पुत्र ज्ञासी, प्रमोद (25) पुत्र पदम सिंह निवासी झार संतली बल्लभगढ़ फरीदाबाद घायल हो गए। साथियों ने घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कंडीसौड़ पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद कपिल व प्रमोद की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जौलीग्रांट रेफर किया गया। घटना से गुस्साए कांवड़ियों ने ट्रक चालक राजन पुत्र धन सिंह व परिचालक राहुल पुत्र मनोरी लाल निवासी बडेथी पर लाठी-डंडों से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। वहीं मामले से गुस्साए ग्रामीणों ने कंडीसौड़ में कांवड़ यात्रियों की बस रोककर जाम लगा दिया। सूचना पर सुंदर लाल लेखवार और राजस्व उपनिरीक्षक चंदन सिंह चौहान मौके पर पहुंचे। विवाद की स्थिति को देखते हुए राजस्व विभाग के अधिकारी कांवड़ियों की बस तहसील परिसर ले गए। बाद में कांवड़ियों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी, जिस पर ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ। फिर दोनों पक्षों में सुलह समझौता हो गया। तहसीलदार लेखवार ने बताया कि समझौते के बाद कांवड़ यात्री अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए। मारपीट में घायल हुए ट्रक चालक व क्लीनर को कंडीसौड़ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती किया गया है।