टिहरी विधायक उपाध्याय बोले पुनर्वास निदेशक करेंगे रिपोर्ट तैयार
टिहरी मेडिकल कॉलेज की 900 करोड़ की डीपीआर स्वास्थ्य निदेशालय पहुंची
नई टिहरी। विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि बांध विस्थापित नई टिहरी के 1100 लोगों को जल्द ही अतिरिक्त स्पेश वाली भूमि का मालिकाना हक दिलाया जाएगा। डीएम/पुनर्वास निदेशक प्रत्येक अतिरिक्त स्पेश संबंधी प्रकरण का परीक्षण कर रिपोर्ट तैयार करेगा जिसके बाद सरकार अतिरिक्त भूमि की धनराशि तय कर संबंधित विस्थापित/प्रभावित परिवार को भूमि आवंटित करेगी।
भाजपा कार्यालय में पत्रकार वार्ता में विधायक उपध्याय, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत ने बताया कि पुरानी टिहरी से विस्थापित होने के बाद लोग नई टिहरी में अपने भवन/प्लाट और फ्लैट के आसपास कुछ अतिरिक्त भूमि पर वर्षो से निवासरत है। पुनर्वास होने के दौरान बांध प्रभावित कई लोगों को उस समय अविकसित प्लाट आवंटित किए गए थे।
प्रभावित उक्त भूमि के नियमितीकरण की मांग वर्षों से करते आ रहे हैं। प्रदेश सरकार ने टिहरी बांध प्रभावितों की समस्याओं को गंभीरता से लिया है। बताया कि मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल इस प्रकरण पर समन्वय समिति और सरकार ने डीएम/पुनर्वास निदेशक को परीक्षण कर कार्रवाई के निर्देश दिए है। विधायक ने बताया कि नई टिहरी के लिए जल्द ही जायका सहायतित पंपिंग योजना भी शुरू की जाएगी।
टिहरी में बनने वाले मेडिकल कॉलेज की करीब 900 करोड़ की डीपीआर कार्यदायी संस्था ब्रिज एंड रूफ कंपनी ने तैयार कर स्वास्थ्य निदेशालय को सौंप दी है। कमेसारी टिनशेड के लोगों को मालिकाना हक/लीज को लेकर भी परीक्षण के बाद सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा। इस मौके पर भाजपा जिला महामंत्री बलवंत रावत, मंडलध्यक्ष विजय कठैत, भाजयुमो के जिलाध्यक्ष मनीष राणा, बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समित के सदस्य दिनेश डोभाल, राजेंद्र डोभाल आदि मौजूद रहे।