राष्ट्रीय राजमार्ग खंड जिला मुख्यालय को जोड़ने वाले मोटर मार्ग को 11 दिन बाद भी नहीं खोल पाया है, जिससे लोगों को मुख्यालय पहुंचने के लिए भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। परेशान लोगों ने मरम्मत कार्य तेज कर यातायात संचालन जल्द शुरू कराने की मांग की है।
जिला मुख्यालय-भागीरथीपुरम मोटर मार्ग 23 जुलाई को हुई भारी बारिश के कारण पांगरखाल गदेरे के पास ध्वस्त हो गया था। सड़क बंद होने पर प्रतापनगर, घनसाली, श्रीनगर और देवप्रयाग रूट पर चलने वाले वाहनों का संचालन कोटीकालोनी- चंबा मार्ग से किया जा रहा है।
पांगरखाल में सड़क बंद होने के कारण जिला मुख्यालय से आगे कोई रूट नहीं होने से यहां की यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। इस बाबत सड़क का मरम्मत कार्य कर रहे राष्ट्रीय राजमार्ग खंड श्रीनगर के अधिशासी अभियंता जितेंद्र कुमार त्रिपाठी का कहना है कि पांगरखाल के पास सड़क को काफी क्षति पहुंची है। बारिश के कारण मरम्मत कार्य में बाधा आ रही है। बारिश नहीं होती है, तो तीन-चार दिन में वैकल्पिक व्यवस्था बनाकर वाहनों का संचालन शुरू करा दिया जाएगा।