केदारनाथ मंदिर के अंदर की सफाई के बाद मंदिर परिसर की सफाई शुरू हो गई है। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के कर्मी, मजदूरों और पुलिस के जवानों ने मंदिर के चारों ओर पत्थरों और रेत की अस्थायी बाउंड्रीवाल का निर्माण भी कर लिया है।
केदारनाथ से लौटे पुलिस अधीक्षक बरिंदर जीत सिंह ने बताया कि मंदिर के अंदर रोशनी के लिए जनरेटर लगाया गया है। अंदर बिजली की फिटिंग कर दी है। मंदिर परिसर में स्थायी विद्युत व्यवस्था के लिए उरेडा के पावर हाउस के कर्मी केदारनाथ भेजे गए हैं।
इधर, मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी हरीश गौड़ ने बताया कि समिति के सीईओ स्वयं भी कर्मियों के साथ श्रमदान कर रहे हैं। धाम की सफाई का ठेका लेने वाले एजेंसी से भी समन्वय बनाया जाएगा।
पुलिस कर्मियों की अदला-बदली
आपदा प्रभावित क्षेत्रों में तैनात सब इंस्पेक्टरों के स्थान पर नए एसआई भेजे जा रहे हैं। शनिवार को ऊधमसिंह नगर से पांच दारोगा जिले में पहुंचे, जिनको गुप्तकाशी भेज दिया है। इसके अलावा तीन दारोगा देहरादून से गुप्तकाशी भेजे गए हैं।
धाम में अभी नहीं लगी डीएसपीटी
चार दिन बाद भी केदारनाथ धाम में बीएसएनएल के डीएसपीटी (डिजीटल सेटेलाइट फोन टर्मिनल) स्थापित नहीं हो पाए हैं। डीएसपीटी लगाने वाली टीम केदारनाथ नहीं पहुंचने से दिक्कत आ रही है। टीम को शनिवार को दोबारा गुप्तकाशी भेजा गया है।
यहां से टीम चॉपर से केदारनाथ जाएगी। धाम में बीएसएनएल दो डीएसपीटी लगा रहा है, जिससे यहां दो फोन काम करने लगेंगे।