कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए जारी लॉकडाउन के बीच एक माह बाद सरकार द्वारा निर्माण कार्यों के लिए छूट तो दे दी गई है, लेकिन निर्माण सामग्री की सप्लाई नहीं होने से, कार्यों में तेजी नहीं आ पा रही है। इस कारण ऑल वेदर रोड परियोजना के कार्य व्यापक रूप से प्रभावित हो रहे हैं।
रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड राष्ट्रीय राजमार्ग पर लॉकडाउन के बाद निर्माण कार्य शुरू हुए लगभग एक सप्ताह हो गया है, लेकिन अभी तक कार्यदायी संस्था को पर्याप्त निर्माण सामग्री की सप्लाई नहीं हो पा रही है, जिस कारण कार्यों में दिक्कत आ रही है। कार्यदायी संस्था के साढ़े तीन सौ मजदूर हाईवे निर्माण में लगे हुए हैं, लेकिन सीमेंट, सरिया व अन्य जरूरी सामग्री की सप्लाई नहीं हो रही है। जिस कारण मजदूरों द्वारा छोटे पुश्तों व निकास नाली के निर्माण के साथ मलबा सफाई का कार्य किया जा रहा है। हाईवे निर्माण खंड-लोनिवि के ईई जितेंद्र कुमार त्रिपाठी ने बताया कि फैक्ट्रियों में सामग्री निर्माण व ट्रांसपोर्ट बंद होने के कारण पर्याप्त मात्रा में निर्माण सामग्री नहीं मिल पा रही है। जिस कारण, कार्य में कुछ दिक्कतें आ रही हैं। दूसरी तरफ ऋषिकेश-बदरीनाथ राजमार्ग पर पहाड़ी कटिंग का कार्य हो रहा है। ब्यूरो