रुद्रपुर की मृतका रेखा का फाइल फोटो।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में एक विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। पति के अनुसार कर्ज नहीं चुकाने की वजह से पत्नी परेशान थी।
कृष्णा विहार फुलसुंगी निवासी चंद्रभान सिडकुल की एक कंपनी में नौकरी करता है। मंगलवार देर शाम ड्यूटी के बाद उसने घर पहुंचकर पत्नी रेखा और बच्चों के साथ बैठकर खाना खाया था। बुधवार की सुबह चंद्रभान की नींद खुली तो रेखा (30) कमरे में नहीं थी। जब उसने दूसरे कमरे में जाकर देखा तो पत्नी पंखे से लटकी हुई थी। उसने उसे नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया, यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जैसे ही पंचनामा भरने की कार्यवाही शुरू की तो पति ने पोस्टमार्टम के लिए मना किया। एसओ विद्या दत्त जोशी ने बताया मृतका के पति को समझाकर शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव परिवार के सुपुर्द कर दिया गया। मृतका की बड़ी बेटी आठ साल और छोटी तीन माह की है। इधर चंद्रभान ने बताया कि मकान बनाने के लिए उसने बैंक से लोन लिया था। इसकी किश्त कुछ समय से जमा नहीं हो पा रही थी। इसी बात को लेकर पत्नी मानसिक रुप से परेशान थी। शायद इसी वजह से उसने आत्मघाती कदम उठाया होगा।