अगस्त्यमुनि ब्लॉक के हरियाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत कोदिमा में भालू ने हमला कर एक महिला को गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजनों द्वारा घायल को जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग में भर्ती किया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
बुधवार सुबह लगभग दस बजे कोदिमा गांव में बीरा देवी (40) पत्नी लखपत सिंह घर के समीप अपने खेतों में मवेशियों के लिए घास काट रही थी। इसी दौरान वहां घात लगाए भालू ने महिला पर हमला कर दिया और गंभीर रूप से घायल कर दिया। निकट खेतों में कार्य कर रही अन्य महिलाओं के शोर मचाने पर भालू भागा, लेकिन बीरा देवी लहूलुहान होकर खेत में बेसुध गिर गई। ग्रामीणों की मदद से परिजनों द्वारा महिला को घर जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग लाया गया। जहां तत्परता से प्राथमिकता उपचार दिया गया, लेकिन गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। महिला के सिर, पीठ पर भालू ने गहरे जख्म किए हैं। रुद्रप्रयाग वन प्रभाग की रेंजर आलोकी ने अस्पताल पहुंचकर घायल का हालचाल पूछा। बताया कि चिकित्सकीय रिपोर्ट के बाद विभाग द्वारा पीड़ित को मुआवजा दिया जाएगा।