जखोली ब्लाक के जयंती गांव में घर में मृत पाई गई विमला देवी। हत्या की जताई जा रही आशंका।
- फोटो : Amar Ujala
विकासखंड के जयंती गांव में घर में अकेली रह रही महिला की हत्या कर दी गई। महिला का अधजला शव कमरे में मिला है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भेज दिया है। पहले प्रचारित किया गया कि गैस सिलेंडर में आग लगने से महिला की मौत हुई है। इधर, पुलिस अधीक्षक प्रह्लाद नारायण मीणा ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद कहा कि घर के गेट से लेकर अंदर कमरे तक की स्थिति देखने से यह मामला हत्या का ही लगता है।
घटना को दो से अधिक लोगों ने सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया है। मामले में पुलिस ने देर शाम अज्ञात खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर दिया है। विवेचना चौकी प्रभारी केएस बिष्ट को सौंपी गई है। जांच में सहयोग के लिए सीओ बीएस चौहान के नेतृत्व में 10 सदस्यीय टीम गठित कर दी गई है।
पुलिस के मुताबिक जयंती गांव में शनिवार तड़के सात बजे विमला देवी (50) पत्नी स्व. नरोत्तम प्रसाद थपलियाल के घर के अंदर से धुआं आता देख वहां से गुजर रहे कुछ ग्रामीणों ने महिला को आवाज दी, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इस पर वे घर के मुख्य गेट पर पहुंचे तो देखा कि कुंडा और ताला टूटा पड़ा है।
बरामदे में लगी ग्रिल का लॉक भी टूटा पड़ा था और बरामदे में राशन सहित अन्य सामान बिखरा हुआ था। ग्रामीणों ने देखा कि कमरे का दरवाजा खुला है और फर्श पर कपड़े जले हुए थे। पलंग पर रजाई-गद्दों के ढेर से धुआं उठ रहा है। लोग जब रजाई-गद्दे हटाने लगे तो उसके अंदर महिला अधजली अवस्था में मृत पड़ी थी। फर्श पर खून के धब्बे पड़े थे, किचन में रखे रसोई गैस सिलेंडर के पाइप और कुछ जले कपड़ों पर भी खून लगा हुआ था।
ग्रामीणों ने घटना की सूचना मयाली पुलिस चौकी को दी। करीब आठ बजे चौकी प्रभारी केएस बिष्ट मय फोर्स मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लेते हुए शव को कब्जे में लिया और उच्चाधिकारियों को सूचित किया। प्रात: 10 बजे पुलिस अधीक्षक पीएन मीणा, सीओ बीएस चौहान, जखोली के एसडीएम देवमूर्ति यादव, तहसीलदार सुनील राज भी गांव पहुंचे। इस दौरान ग्राम प्रधान व ग्रामीणों की मौजूदगी में शव का पंचायतनामा भरा गया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि महिला के पुत्र को सूचना दे दी गई है।