अगस्त्यमुनि ब्लॉक सभागार में हुई बीडीसी बैठक्र
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रप्रयाग। अगस्त्यमुनि ब्लॉक सभागार में मंगलवार को बीडीसी बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क निर्माण एवं मरम्मत, मुआवजा, पेयजल आपूर्ति, शिक्षा, विद्युत व्यवस्था, मानव-वन्यजीव संघर्ष, जंगली जानवरों से फसलों को हो रहे नुकसान जैसे विषयों पर चर्चा की गई।
वहीं वीबी-जी राम जी मनरेगा के अंतर्गत नेटवर्कविहीन क्षेत्रों में श्रमिक ऑनलाइन उपस्थिति से जुड़ी समस्या, योजनाओं के क्रियान्वयन में प्रधानों की संस्तुति, शिलापट्टों पर ग्राम प्रधान का नाम अंकित करने, क्षेत्र पंचायत सदस्यों के मानदेय में वृद्धि तथा कूड़ा निस्तारण के लिए वाहनों की संख्या बढ़ाने जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। अगस्त्यमुनि क्षेत्र पंचायत प्रमुख भुवनेश्वरी देवी ने सभी विभागों से जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को शीघ्र धरातल पर उतारने का आग्रह किया। रुद्रप्रयाग विधायक भरत चौधरी ने बताया कि सरकार की प्राथमिकता जनसमस्याओं का समयबद्ध निस्तारण है। पीएमजीएसवाई फेज-4 के अंतर्गत सर्वाधिक सड़कें जनपद रुद्रप्रयाग में निर्मित की जा रही हैं। बैठक में ज्येष्ठ प्रमुख शांति प्रसाद चमोला, कनिष्ठ प्रमुख सविता भंडारी, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, उप वन संरक्षक रुद्रप्रयाग रजत सुमन, जिला विकास अधिकारी अनीता पंवार, खंड विकास अधिकारी अगस्त्यमुनि सुरेश शाह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामप्रकाश आदि मौजूद रहे।