ग्राम पंचायत सारी और उषाड़ा में हुए कार्यक्रम में पूर्व विधायक ने कहा कि सरकार व संस्थाएं गांवों के विकास के लिए योजनाएं बनाते हैं, उन्हें धरातल लाने में सबसे बड़ी भूमिका भूमिदान करने वालों की होती है। उन्होंने ग्रामीणों से पेयजल योजनाओं की नियमित देखरेख का आह्वान भी किया। इस मौके पर इंडियन सोशल क्लब ओमान के कोषाध्यक्ष जीएस नेगी ने कहा कि ओमान में रह रहे भारतीय मूल के लोगों के वित्तीय सहयोग से हिमोत्थान सोसायटी द्वारा आपदा के बाद चयनित जरूरतमंद स्थानों पर योजनाओं का निर्माण किया जा रहा है।
सोसायटी की अधिशासी निदेशक डा. मालविका चौहान ने बताया कि सारी गांव में 10 हजार लीटर और उषाड़ा में 7.5 हजार लीटर क्षमता के स्टोर टैंकों के साथ स्टैंड पोस्ट बनाए गए हैं। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य मीना पुंडीर, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी उमेश बहुगुणा, ग्राम प्रधान घनश्याम लाल, लखमा देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य जसवीर नेगी, महिला मंगल दल अध्यक्ष मनोरमा देवी, दिलवर सिंह नेगी, प्रदीप बजवाल आदि थे।