रुद्रप्रयाग। अगस्त्यमुनि ब्लॉक के बच्छणस्यूं पट्टी के नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य ने क्षेत्र के विकास के लिए कृतसंकल्प होकर प्राथमिकता से कार्य करने की बात कही है।
बच्छणस्यूं पट्टी में 21 ग्राम पंचायत, 5 क्षेत्र पंचायत और एक जिला पंचायत है। यहां की करीब 15 हजार आबादी आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए जूझ रही है। पांच किमी दैजीमांडा-पौड़ीखाल सड़क आज तक नहीं बन पाई है। यहां प्राथमिक चिकित्सा सुविधा भी नहीं है। यहां से नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्य पूनम कठैत, क्षेत्र पंचायत सदस्य विक्रम सिंह पटवाल, कविता देवी, अनीता देवी, मनमोहन सिंह रौथाण, मंजू ममगाईं का कहना है कि जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें सदन में भेजा है वह उन पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। सरकार की योजनाओं से जरूरतमंद को जोड़ा जाएगा। ग्राम पंचायत के विकास के लिए ज्यादा से ज्यादा प्रस्ताव तैयार किए जाएंगे। संवाद