अतिवृष्टि के पांच दिन बाद भी जखोली ब्लाक के मवाणगांव में पेयजल सप्लाई बहाल नहीं हो पाई है। दो जून को हुई भारी बारिश और अतिवृष्टि से गांव की पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। ऐसे में गांव के 60 परिवार गदेरे का गंदीला पानी पी रहे हैं।
ग्राम प्रधान रेखा देवी ने बताया कि गांव सहित क्षेत्र के गांवों को जोडने वाली सूर्यप्रयाग-बंदरतोली-मवाणगांव पर बनी पुलिया ढहने से क्षेत्र के बरसारी, उरोला, नाग-धारकोट, पूर्वियाणा, अठोला, मरगांव गांव के ग्रामीणों का तिलवाड़ा व ब्लाक मुख्यालय जखोली से संपर्क कट गया है।
प्रधान ने बताया कि राजस्व उप निरीक्षक के निरीक्षण के चार दिन बाद भी स्थिति जस की तस है। इधर, राजस्व उप निरीक्षक सतीश भट्ट ने बताया कि नुकसान का जायजा लेकर रिपोर्ट तहसील मुख्यालय को सौंप दी गई है।