रुद्रप्रयाग। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत जिले में पात्र परिवारों को आवास का लाभ देने की प्रक्रिया आगे बढ़ गई है। केंद्र सरकार के आवास प्लस ऐप-2024 के माध्यम से जिले में 10,219 परिवारों का ऑनलाइन सत्यापन पूरा किया गया। सत्यापन के बाद 7,106 पात्र परिवारों की प्रतीक्षा सूची तैयार की गई है।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने सोमवार को योजना की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र परिवार आवास जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित न रहे। मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत ने बताया कि जिले के तीनों ब्लाॅकों की 329 ग्राम पंचायतों में खुली बैठकें कर पात्र परिवारों की प्रतीक्षा सूची के अनुमोदन की प्रक्रिया पूरी की गई। बैठक में डीडीओ मनविंदर कौर, जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा, आरडब्ल्यूडी की अधिशासी अभियंता मीनल गुलाटी समेत तीनों तहसीलों के एसडीएम और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। संवाद