सड़क की स्वीकृति की मांग को लेकर लाटा बाबा मंदिर परिसर में धरना देते भुनका के ग्रामीण।
- फोटो : amar ujala.
जसोली-लाटू-भुनका मोटर मार्ग की सैद्धांतिक व वित्तीय स्वीकृति के साथ निर्माण के लिए आंदोलित भुनका के ग्रामीणों को मनाने लोनिवि व वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को मार्ग की सैद्धांतिक स्वीकृति पर कार्रवाई करने की बात कही लेकिन ग्रामीण नहीं माने।
मोटरमार्ग की स्वीकृति की मांग को लेकर भुनका के ग्रामीणों की ओर से चलाए जा रहे आंदोलन के सातवें दिन शुक्रवार को वन विभाग के एसीएफ रमेश चंद्र भारती, लोनिवि के सहायक अभियंता सुरेंद्र कुमार व वन दरोगा संतोष कुमार धरना स्थल लाटा बाबा मंदिर में पहुंचे।
अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त कराया कि मोटरमार्ग की सैद्धांतिक स्वीकृति के लिए कार्रवाई की जा रही है, लेकिन ग्रामीण नहीं माने, उनका का कहना था कि हर बार उन्हें आश्वासन ही मिले है, लेकिन धरातल पर कुछ नहीं हो पाया। उन्होंने आंदोलन समाप्त करने से साफ इनकार कर दिया।
ग्रामीणों का क्रमिक धरना सातवें दिन भी जारी रहा। शुक्रवार को धरने पर बैठने वालों में उम्मेद सिंह, दर्शन सिंह, लक्षण सिंह, मनबर सिंह, संगा्रम सिंह, राजेन्द्र सिंह, सचिव, नवीन शिव सिंह, गोविंद सिंह आदि शामिल थे।