बोले, फर्जी तरीके से कब्जा की जा रही गोचरान की भूमि
पिटकुल पुलिस और प्रशासन का दिखा रहे भय, यह बर्दाश्त नहीं
फॉलोअप
संवाद न्यूज एजेंसी
गुप्तकाशी। केदारघाटी के रुद्रपुर में प्रस्तावित विद्युत सब स्टेशन के विरोध में ग्रामीण दूसरे दिन भी धरने पर डटे रहे। उन्होंने नारेबाजी के साथ शासन, प्रशासन और पिटकुल पर ग्रामीणों से छलावा करने का आरोप लगाया। बुधवार को पिटकुल सहित प्रशासन और पुलिस का कोई भी अधिकारी-कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा।
पिटकुल में विद्युत सब स्टेशन प्रस्तावित है जिसका निर्माण पिटकुल की ओर से किया जाना है। बीते मंगलवार को अधिकारी निर्माण कार्य के लिए मौके पर पहुंचे थे लेकिन ग्रामीणों ने इसका विरोध किया और जाम लगा दिया था। पूर्व प्रमुख जयनारायण नौटियाल के नेतृत्व में ग्रामीणों ने दूसरे दिन भी गुप्तकाशी-रुद्रपुर मार्ग के किनारे धरना दिया। ग्रामीणों ने पिटकुल पर गोचरान भूमि पर फर्जी तरीके से कब्जा करने का आरोप लगाया। कहा कि विद्युत सब स्टेशन बरम्वाड़ी के नाम से स्वीकृत है और यहां निर्माण किया जा रहा है, जो अनुचित है। जब तक उनके हितों की सुरक्षा को लेकर आश्वस्त नहीं किया जाता उनका आंदोलन जारी रहेगा। अवतार सिंह नेगी का कहना था कि पिटकुल की ओर से पुलिस और प्रशासन का भय दिखाया जा रहा है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इधर, पिटकुल के अधिशासी अभियंता हिमांशु चौहान ने बताया कि ग्रामीणों के विरोध को देखते हुए कार्यस्थल पर काम रोका गया है। दूसरी ओर पीएसी की दो कंपनियां जिले में पहुंच चुकी हैं।