जखोली ब्लॉक के भरदार पट्टी के जवाड़ी गांव में पांडव नृत्य के तहत पांडव पश्वाओं ने देव निशाणों के साथ गंगा स्नान किया। साथ ही नौगरी कौथिग का आयोजन कर ग्रामीणों ने पांडवों को भोग भी लगाया।
विनसर, हीत, ब्रह्मढुंगी हीत, शंकरनाथ सहित पंचनाम देवी-देवताओं के निशाणों के साथ पांडव पश्वा व ग्रामीण पूजा-अर्चना व ढोल-दमाऊं के साथ अलकनंदा नदी किनारे पहुंचे। यहां पर विशेष पूजा-अर्चना के साथ पांडवों ने गंगा स्नान किया। इसके उपरांत पुन: देव निशाणों की पूजा कर हवन-यज्ञ किया गया। दोपहर को गांव पहुंचने पर पांडव चौक में नौगरी कौथिग का मंचन किया गया। इस मौके पर पांडव नृत्य आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रकाश सिंह कप्रवाण, सुरेंद्र सिंह कप्रवाण, रणवीर सिंह, सूरत सिंह नेगी, राजेंद्र सिंह, नरेंद्र सिंह, रविंद्र सिंह, जीत सिंह आदि मौजूद थे। इधर, पुनाड़ में पांडव नृत्य देखने लोगों की खूब भीड़ उमड़ी।