12 सूत्री मांगों को लेकर सोमवार को ग्राम प्रधानों ने विकास भवन का घेराव कर तालाबंदी की। इस दौरान धरना भी दिया गया। उन्होंने कहा कि जब तक मांगपूर्ति नहीं होती, वे आंदोलनरत रहेंगे। उत्तराखंड क्रांति दल ने ग्राम प्रधानों की मांगों का समर्थन करते हुए सरकार से यथाशीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम प्रधान संगठन के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह भंडारी के नेतृत्व में अगस्त्यमुनि, जखोली और ऊखीमठ ब्लॉक के ग्राम प्रधान नारेबाजी करते हुए विकास भवन पहुंचे। उन्होंने सरकार पर ग्राम प्रधानों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि आंदोलन के दो सप्ताह बाद भी उनकी सुध नहीं ली गई है। इसके बाद विकास भवन में संचालित सीडीओ, डीडीओ कार्यालय के साथ ही अन्य विभागों के कार्यालय में तालाबंदी कर मांगपूर्ति की बात कही गई। ग्राम प्रधानों ने मांगों पर उचित कार्रवाई न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी भी दी। इस मौके पर ग्राम प्रधान विकास नौटियाल, अमित प्रदाली, विजयपाल सिंह राणा, डीएस राणा, सुनील बुटोला, सुखबीर लाल, सुनीता रावत, संगीता देवी, धीरेंद्र सिंह, सुभाष रावत मौजूद थे।