केंद्र सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तहत नेहरू युवा केंद्र ने कोविड-19 से बचाव व जनसंख्या नियंत्रण को लेकर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। मौके पर युवा स्वयंसेवकों और विद्यार्थियों के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया।
पौड़ी जिला युवा कार्यक्रम अधिकारी शैलेश भट्ट की अध्यक्षता में आयोजित ऑनलाइन कार्यक्रम में युवाओं को कोरोना से बचाव के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही नगर, कस्बा व गांवों में अन्य लोगों को भी जागरूक करने का आह्वान किया गया। साथ ही जनसंख्या पर नियंत्रण को लेकर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम में स्वयं सेवकों व स्कूली बच्चों के लिए नारा लेखन, क्विज, भाषण, वाद-विवाद, निबंध लेखन, चित्रकारी, वॉल पेंटिंग व राइटिंग आदि प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। कार्यक्रम में रुद्रप्रयाग के युवा कार्यक्रम अधिकारी राहुल डबराल ने कोरोना संक्रमण के प्रभाव व बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस मौके पर राजेंद्र कुमार, सौरभ जमलोकी, मयंक, सुमित नेगी आदि मौजूद थे।