रुद्रपुर। बजट की राह ताक रहे निर्माणाधीन पं. राम सुमेर शुक्ल राजकीय मेडिकल कॉलेज में 300 बेड के अस्पताल के जल्द पूरा होने की आस जगी है। प्रदेश सरकार ने अस्पताल के लिए दो करोड़ का बजट जारी कर दिया है। इसके अलावा सौ प्रशिक्षुओं वाले मेडिकल कॉलेज को पूरा करने के लिए प्रदेश सरकार ने इसे केंद्र सरकार को प्रस्तावित कर दिया है।
सोमवार को पत्रकार वार्ता में किच्छा विधायक राजेश शुक्ला ने बताया कि उनकी मांग पर ही प्रदेश सरकार ने मेडिकल कॉलेज को पूरा करने के लिए भारत सरकार को पत्र भेजा है।
कहा कि वर्ष 2003-2004 में स्वीकृत मेडिकल कॉलेज निरंतर उपेक्षा का शिकार होने के कारण बजट से वंचित रहा था। क्षेत्र निवासी और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री अपने कार्यकाल में पानी की टंकी पर मेडिकल कॉलेज रुद्रपुर लिखाने के अलावा कुछ नहीं कर सके। 2015 में तत्कालीन सीएम हरीश रावत ने इस मेडिकल कॉलेज का नाम तराई के संस्थापक और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पं.राम सुमेर शुक्ल के नाम पर रखा था लेकिन नाम रखने के बाद बजट जारी नहीं किया। भाजपा की सरकार आने पर उन्होंने सीएम से इस मेडिकल कॉलेज के निर्माण को शीघ्र पूरा कराने की घोषणा कराई थी। 2018 में स्वास्थ्य राज्यमंत्री अश्विनी चौबे ने निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण करने के साथ ही सीएम से वार्ता की थी। अब स्वास्थ्य सचिव ने पत्र जारी कर इस वित्तीय वर्ष में अस्पताल के लिए दो करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं। साथ ही केंद्र सरकार को प्रस्तावित किया है कि अस्पताल पूर्ण होने के अंतिम चरण में है। अत: मेडिकल कॉलेज के निर्माण के लिए शेष 383.12 करोड़ रुपये भारत सरकार लगाए। शुक्ला ने कहा कि वे शीघ्र ही भारत सरकार से यह रकम जारी कराने में सफल होंगे।