फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ के भी खुले कपाट , एक हजार श्रद्धालु पहुंचे

Wed, 11 May 2016 09:52 PM IST
ब्यूरो/ अमर उजाला, तुंगनाथ ( रुद्रप्रयाग)
विज्ञापन
बुधवार को विधि-विधान के साथ खुले तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ के कपाट। इस मौके पर एक हजार से अधिक भक्त मौजूद रहे। - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन
तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ के कपाट वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूजा-अर्चना के साथ आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं। इस मौके पर एक हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान तुंगनाथ के दर्शन कर पुण्य अर्जित किया। अब ग्रीष्मकाल में छह माह तुंगनाथ धाम में श्रद्धालु अपने आराध्य की पूजा कर दर्शन करेंगे।
विज्ञापन


हल्की बूंदाबांदी के बीच भगवान तुंगनाथ की चल उत्सव विग्रह डोली पूर्वाह्न 11.15 बजे अपने धाम में विराजमान हुई। मंदिर की तीन परिक्रमा के बाद डोली ने मंदिर में रखे अपने ताम्र पात्रों और भंडार कक्ष का निरीक्षण किया। इसके बाद मुख्य मंदिर में प्रवेश किया। यहां पंच पुरोहितों ने मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना शुरू की।

इस मौके पर मंदिर के मठापति राम प्रसाद मैठाणी ने नवग्रह पूजा व दान कर, भगवान शिव की छह माह की ग्रीष्मकालीन पूजा का संकल्प लिया। इसके बाद भगवान तुंगनाथ की आरती की गई। इस मौके पर पूरा क्षेत्र भगवान तुंगनाथ के जयकारों से गूंज उठा। पुजारियों की ओर से मंदिर में मौजूद भक्तों को भृंगराज के पुष्प प्रसाद के रूप में वितरित किए गए।
विज्ञापन


इससे पहले सुबह सात बजे से अंतिम पड़ाव चोपता में पुजारी विजय भारत मैठाणी, मुकेश मैठाणी एवं चंद्रबल्लभ मैठाणी ने विशेष अनुष्ठान के साथ भगवान की अभिषेक पूजा की। इसके बाद सुबह 8.30 बजे डोली ने अपने धाम के लिए प्रस्थान किया। बुग्यालों के रास्ते से होते हुए भुजगली और देवदर्शनी में अल्प विश्राम के बाद सैकड़ों भक्तों के साथ भगवान तुंगनाथ की डोली धाम पहुंची।

रंग-बिरंगे फूलों से सजाया गया तुंगनाथ मंदिर
तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ का धाम रंग-बिरंगे फूलों से सजाया गया था। गेंदा, चंपा सहित कई प्रकार आठ कुंतल से अधिक फूलों से मंदिर की शोभा देखते ही बन रही थी। देहरादून निवासी जगदीश असवाल, अनूप रावत, जयदीप नेगी, सुरेंद्र असवाल, प्रदीप गुसाईं, राजीव चौहान व धीर सिंह नेगी के प्रयास से मंदिर को सजाने का काम किया गया।

आपदा के बाद यह पहला मौका है जब धाम को इस तरह सजाया गया। इधर, मठापति राम प्रसाद मैठाणी ने बताया कि धाम में जरूरी व्यवस्थाओं के लिए प्रशासन व पुलिस से भी आग्रह किया गया है। मंदिर के प्रबंधक प्रकाश पुरोहित ने बताया कि शाम पांच बजे तक धाम में 15 सौ से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन कर लिए थे।

एसपी ने किए दर्शन
 तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ के कपाट खुलने पर पुलिस अधीक्षक पीएन मीणा धाम पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मंदिर क्षेत्र का निरीक्षण कर मौजूद पदाधिकारियों और मठापति को सुरक्षा व्यवस्था के लिए जरूरी इंतजाम का आश्वासन दिया। एसपी ने भगवान के दर्शन किए। इस दौरान वे चंद्रशीला भी गए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें