रुद्रपुर। गंगापुर रोड पर स्कूली वाहनों की चेकिंग करते समय चालक और उसके साथियों ने परिवहन विभाग की टीम पर हमला कर दिया। घटना की कवरेज कर रहे इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के दो पत्रकारों को भी पीट दिया।
एआरटीओ की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बुधवार दोपहर को एआरटीओ प्रवर्तन संदीप सैनी टीम के साथ स्कूल वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। उन्होंने ओवरलोड और अन्य खामियों पर एक स्कूल बस को सीज और तीन वाहनों के चालान काटे।
एक निजी स्कूल की वैन बच्चों को लेकर वहां से गुजर रही थी। एआरटीओ ने वैन को रोका तो पता चला कि वैन को स्कूल में व्यावसायिक वाहन के रूप में संचालित किया जा रहा था। चालक ने कहा कि वह पहली बार इस वैन को लाया है लेकिन एआरटीओ ने वैन में सवार बच्चों से जानकारी ली तो उन्होंने कहा कि वह प्रतिदिन इसी वैन से स्कूल आते हैं।
इस पर ड्राइवर ने अपने साथियों को वहां बुला लिया। तभी इलेक्ट्रिक मीडिया के दो पत्रकार भी घटना की कवरेज के लिए पहुंचे। इस पर बौखलाए ड्राइवर और उसके साथियों ने परिवहन विभाग की टीम और पत्रकारों पर हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि हमलावरों में स्कूल मालिक भी शामिल था। एआरटीओ सैनी ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ ट्रांजिट कैंप थाने में तहरीर दी है। उधर, थानाध्यक्ष वीडी जोशी ने बताया कि तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।