जीआईसी कोठगी में आपदा प्रबंधन प्रशिक्षित राज्य की पहली टीम तैयार की जाएगी। डीडीएमओ हरीश चंद्र शर्मा के नेतृत्व में विभागीय कर्मचारियों की ओर से छात्र-छात्राओं को इस वर्ष समय-समय पर आपदा प्रबंधन और खोज-बचाव का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल के निर्देश पर विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में डीडीएमओ व डीडीआरएफ के जवानों ने स्कूली बच्चों को आपदा के कारण, उससे होने वाले नुकसान, बचाव व खोज के बारे में जानकारी दी। बताया गया कि विषम परिस्थितियों में किस तरह से स्वयं और अन्य का बचाव कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचना है। साथ ही पीड़ित की जान बचाने के लिए प्राथमिक उपचार के बारे में बताया गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शर्मा ने बताया कि जीआईसी कोठगी में राज्य की पहली आपदा व राहत बचाव प्रशिक्षित टीम तैयार की जाएगी। इस टीम को जिला व राज्य स्तर पर प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा। उन्होंने स्कूली बच्चों को आपदा के कारणों व उनके निस्तारण के बारे में भी जानकारी दी। इस अवसर पर विद्यालय में स्वच्छता मिशन टीम का भी गठन किया गया। साथ ही 25 छात्र-छात्राओं को नमामि गंगे और जूनियर रेडक्रॉस से संबंधित टी-शर्ट भी दिए गए। इस मौके पर प्रधानाचार्या किशन कठैत, प्रदीप चौहान, पर्यावरण प्रेमी शिक्षक सतेंद्र भंडारी, मुंशी चौमवाल, नीरज पुरोहित राजेश नथवान, डीएस पंवार, एमएम रौथाण, तेजबीर नेगी, गजेंद्र मलिक और पदम सिंह नेगी आदि मौजूद थे।