रुद्रपुर। सिडकुल घोटाले की जांच कर रही एसआईटी को पंतनगर सिडकुल के सिटी पार्क और काशीपुर एस्कार्ट फार्म स्थित सिडकुल के साथ ही सितारगंज सिडकुल में कराए गए निर्माण कार्यों में भी कुछ अनियमितता मिली हैं। इसकी जांच के लिए एसआईटी द्वारा यहां बनाई गई सड़क, नालियां और वाटर टैंकों की जांच पड़ताल की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार सितारगंज सिडकुल में भी यूपी निर्माण निगम द्वारा सड़क, वाटर टैंक और नालियों का निर्माण कराया गया। इसमें करीब तीन करोड़ रुपये का खर्च दिखाया गया था। लेकिन निर्माण कार्य से संबंधित दस्तावेजों का अध्ययन और स्थलीय निरीक्षण करने के बाद एसआईटी को यहां वित्तीय अनियमितता के कुछ सुराग मिले हैं। इसके आधार पर एसआईटी अपनी जांच कर रिपोर्ट तैयार कर रही है। बता दें कि पंतनगर सिडकुल के अलावा काशीपुर एस्कार्ट फार्म स्थित सिडकुल इंडस्ट्रियल एरिया में भी जांच में वित्तीय अनियमितता मिली है, जिसकी जांच की जा रही है।
एमडी सिडकुल से भी हो सकती है पूछताछ
रुद्रपुर। पंतनगर, काशीपुर और सितारगंज सिडकुल की जांच कर रही एसआईटी द्वारा स्थलीय निरीक्षण करने के साथ ही सिडकुल और यूपी निर्माण निगम के अधिकारियों/ कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है। अब तक एसआईटी नौ लोगों से पूछताछ कर चुकी है। जल्द ही एसआईटी सिडकुल के एमडी से भी पूछताछ कर उनके बयान दर्ज कर सकती है। ब्यूरो
तकनीकी कमेटी गठित होने का भी इंतजार
रुद्रपुर। सिडकुल घोटाले में एसआईटी द्वारा अब तक की गई जांच में इस बात का खुलासा हुआ है कि कार्यदायी संस्था द्वारा निर्माण कार्यों में खर्च हुए बजट को करोड़ों में दर्शाया गया है। इसकी जांच के लिए एसआईटी द्वारा स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार की गई है। साथ ही लागत का सही अनुमान लगाने के लिए किसी निर्माण एजेंसी को तकनीकी कमेटी के रूप में गठित करने की मांग की है। माना जा रहा है कि शासन के आदेश पर जल्द ही कमेटी गठित हो सकती है। ब्यूरो