इस वर्ष यात्रा कारोबार को लेकर व्यापारियों के मिले-जुले रहे अनुभव
संवाद न्यूज एजेंसी
फाटा। केदारनाथ धाम के कपाट बंद होने के साथ ही यात्रा मार्ग पर संचालित कारोबार सिमट गया है। घोड़े-खच्चर, डांडी-कंडी और पालकी संचालक अपने घरों के लिए रवाना हो गए हैं। वहीं यात्रा मार्ग पर संचालित अस्थायी टेंट, होटल और अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठान भी बंद कर दिए गए हैं।
इस वर्ष यात्रा कारोबार को लेकर व्यापारियों में मिले-जुले अनुभव रहे। शुरुआती 15 दिनों में श्रद्धालुओं की अच्छी आमद से कारोबार बेहतर रहा लेकिन इसके बाद यात्रियों की संख्या में गिरावट आने लगी। 15 जून तक यह स्थिति बनी रही। बरसात के दौरान यात्रा प्रभावित होने से कारोबार और घट गया। इस अवधि में कुल यात्रियों के करीब 14 से 15 प्रतिशत श्रद्धालु ही धाम पहुंचे। यात्रा के अंतिम माह में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने पर कारोबार ने फिर रफ्तार पकड़ी। व्यापारी जितेंद्र नेगी ने बताया कि शुरुआती दो महीनों में कारोबार अच्छा रहा लेकिन बरसात के बाद यात्रियों की संख्या घटने से आजीविका प्रभावित हुई। अंतिम चरण में यात्रा ने फिर गति पकड़ी, जिससे कारोबार को कुछ सहारा मिला।