नगर में अब प्रत्येक व्यापारी से प्रतिमाह पचास रुपये मासिक शुल्क लिया जाएगा। इसका प्रयोग नगर उद्योग व्यापार मंडल द्वारा किसी प्रकार के हादसे से प्रभावित व्यापारिक प्रतिष्ठान के व्यापारी को सहायता राशि देने के रूप में किया जाएगा।
यह निर्णय नव निर्वाचित नगर उद्योग व्यापार मंडल की प्रथम मासिक बैठक में लिया गया। नगर उद्योग व्यापार मंडल की प्रथम मासिक बैठक अध्यक्ष अंकुर खन्ना की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं के निराकरण के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की सुविधा व सुरक्षा के लिए नगर क्षेत्र के सभी व्यापारियों का परिचय पत्र बनाया जाएगा।
इसके अलावा जल्द ही नगर में व्यापार मंडल का कार्यालय खोला जाएगा। इससे व्यापारियों को अपनी समस्याओं के लिए भटकना न पड़े। बताया गया कि मासिक शुल्क लेने हेतु महामंत्री व कोषाध्यक्ष स्वयं व्यापारियों के प्रतिष्ठान में जाएंगे।
बैठक में टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों ने भी शिरकत की।
इस मौके पर निर्णय लिया गया कि गुलाबराय मैदान में हेलीपैड का निर्माण नहीं होने दिया जाएगा। यदि ऐसा किया जाता है तो व्यापार मंडल व टैक्सी यूनियन संयुक्त रूप से आंदोलन शुरू करेगा।
बैठक में महामंत्री बलवीर नेगी, कोषाध्यक्ष राजीव सेठी, मंदाकिनी जीप टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष बीएस कपरवान, सचिव अजित सिंह राणा, दीपक, गौरव काला, विकास डिमरी आदि उपस्थित थे।