जखोली ब्लॉक के बड़मा क्षेत्र को जोड़ने वाला तिमली-किरोड़ा तल्ला मार्ग बारिश से बदहाल बना है। मार्ग पर कई जगहों पर वाहन तो दूर, पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा है। जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने लोनिवि से मार्ग के सुधारीकरण की मांग की।
बड़मा पट्टी के नेरा, बष्टा, मरोड़ा, किरोड़ा, उत्तरसू आदि गांवों को जोड़ने के लिए लोनिवि की ओर से पांच किमी तिमली-किरोड़ा तल्ला मार्ग का निर्माण किया गया है, लेकिन आए दिन हो रही बारिश से मार्ग जगह-जगह क्षतिग्रस्त होने से जानलेवा बना है। विजय रावत, सतेंद्र रावत, अनिल बुटोला, राजेंद्र रावत, आशीष रावत, भगवान सिंह कठैत का कहना है कि इस सड़क से आवाजाही के दौरान कभी भी दुर्घटना से इंकार नहीं किया जा सकता है। इधर, लोनिवि के अधिशासी अभियंता इंद्रजीत बोस ने बताया कि मार्ग का निरीक्षण कर जल्द सुधार किया जाएगा।