चोपड़ा-कुरझण मोटर मार्ग के बरसात से कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त होने से तल्ला नागपुर क्षेत्र के गांवों में तीन माह से रसोई गैस और केरोसिन की सप्लाई नहीं होने से ग्रामीणों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बरसात से रुद्रप्रयाग-चोपड़ा-कुरझण मार्ग कई स्थानों पर बदहाल हो रखा है। विभाग द्वारा भले ही छोटे वाहनों की आवाजाही के लिए मार्ग को खोला गया है, लेकिन बड़े वाहनों का संचालन अब भी बंद है, जिससे गांवों में जरूरी सामग्री नहीं पहुंच पा रही है।
स्थिति यह है कि क्वली, कुरझण, जौंदला, टेमना, मटेरा, उतरसू, चोपड़ा, निरवाली, मल्यागांव, धारकोट, चापड़, गडेरी, चमस्वाड़ा आदि गांवों में जून माह से रसोई गैस व केरोसिन की सप्लाई ठप पड़ी है।
शिल्पकार परिवार उत्थान समिति के अध्यक्ष केएस आगरी ने बताया कि गांवों में अधिकांश परिवारों के रसोई गैस सिलेंडर खाली पड़े हैं। लोग जंगल से लकड़ी लाकर खाना बनाने को मजबूर हैं। कुछ लोग घरों से सिलेंडर लेकर रुद्रप्रयाग पहुंच रहे हैं। उन्हें भरे सिलेंडर की कीमत के बराबर ही ढुलान देना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से गांवों में जल्द रसोई गैस की आपूर्ति करने की मांग की है।